कुशीनगर: मजदूरों की मदद में उतरे प्राथमिक शिक्षक, रोज भर रहे 300 भूखे पेट


कुशीनगर। दूरस्थ स्थानों से घरों की ओर पलायन कर रहे मजदूरों की सहायता में कुशीनगर के प्राथमिक शिक्षक सहायता में उतर पड़े हैं। शिक्षकों ने सहायता के लिए दो समूह बनाए हैं। शिक्षक खुद के खर्च पर रोज 450 मजदूरों को लंच पैकेट व पानी मुहैया करा रहे हैं। आवश्यकतानुसार मजदूरों को साबुन व मास्क भी बांट रहे हैं।


फोरलेन से रोज भारी संख्या में गुजर रहे भूख-प्यास से बेहाल मजदूरों को सहायता पहुंचाने की पहल कसया विकास खण्ड के मैनपुर कोट के शिक्षक संजय यादव ने की। शिक्षक शैलेष कुमार, संतोष कुमार, अमर प्रकाश पांडेय, मो. इकबाल हुसेन, दिनेश प्रसाद व समाजसेवी वीरेंद्र यादव ने एक समूह का गठन किया।



दूसरा समूह शिक्षक कृपा शंकर तिवारी, महेश कर्णधार, नागेंद्र शुक्ला, अरुण वर्मा का बना। सभी शिक्षकों ने एक निश्चित धनराशि एकत्रित की और मजदूरों की सहायता का अभियान शुरू किया।


पहले समूह ने 300 का टारगेट रखा, तो दूसरे ने 150 का। सोमवार व मंगलवार के अभियान में समूह ने 900 लंच पैकेट बांटे। शिक्षकों का अभियान फोरलेन पर विशेषकर पैदल एवं साइकिल से जा रहे प्रवासी मजदूरों के बीच रहा।


नवल एकेडमी में बने कोरेन्टाइन सेंटर पर प्रवास कर रहे लोगों को भी शिक्षक मदद पहुंचा रहे हैं। शिक्षक संजय यादव ने बताया कि ऐसा करने के लिए कोई विभागीय निर्देश नहीं है। मानवता को संकट में देख कुछ करने की इच्छा मन में हुई तो शिक्षक साथियों से साझा किया। सब मिलकर खर्च वहन कर जरूरतमंदों की सहायता कर रहे हैं। हमारे अभियान से और शिक्षक भी प्रेरित हो रहे हैं। आगे के दिनों में अभियान वृहद रूप से गति पकड़ेगा।